कर्नाटक चुनाव : BJP की पहली लिस्ट जारी होते ही जूतमपैजार,एक ने दिया इस्तीफा

 



बंगलूरू: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद ही जूतमपैजार और विरोध.प्रदर्शनों का दौर शुरू हो गया है। आपको बता दें कि सूची में कुछ भाजपा विधायकों के नाम नहीं होने के बाद उनके समर्थकों ने विरोध.प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने 189 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। आगामी चुनावों के लिए भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बासवराज बोम्मई ने कहा कि नामों को लेकर आम सहमति है और इससे हर कोई खुश है।

वहीं सूची को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुये पूर्व उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी ने भाजपा की सदस्यता से दिया इस्तीफा दे दिया है। कर्नाटक के पूर्व उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी ने आज अथानी निर्वाचन क्षेत्र से टिकट कटने के बाद विधान परिषद सदस्य और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा विधान पार्षद सावदी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मैंने अपना फैसला कर लिया है। मैं भीख का कटोरा लेकर घूमने वालों में से नहीं हूं।

मैं एक स्वाभिमानी राजनेता हूं। मैं किसी के बहकावे में आकर काम नहीं कर रहा हूं। मौजूदा विधायक महेश कुमथल्ली को बेलगावी जिले की अथानी विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। आपको बता दें सावदी अथानी से तीन बार विधायक रहे हैं, लेकिन 2018 के चुनाव में वह कुमथल्ली तब कांग्रेस में थे चुनाव हार गए थे। सावदी ने कहा कि वह गुरुवार शाम को ‘कड़ा निर्णय’ लेंगे और शुक्रवार से काम शुरू कर देंगे। ऐसी अटकलें हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

कुमथल्ली उन बागियों के समूह में शामिल थे जिन्होंने 2019 में कांग्रेस.जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन की सरकार को गिराने और बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में सरकार बनाने में भाजपा की मदद की थी। कोराटागेरे निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व बीबीएमपी आयुक्त अनिल कुमार को भाजपा का टिकट दिए जाने पर कांग्रेस नेता और कर्नाटक के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ0 जी परमेश्वर ने कहा कि अनिल कुमार एक आईएएस अधिकारी थे, और हमने साथ काम किया है। अब वह भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ेंगे।

यह बहुत अच्छा है कि उन्होंने उन्हें टिकट दिया है। मैंने उनके साथ बहुत काम किया है और लोग उन्हें पहचानते हैं। यह महत्वपूर्ण है कि कांग्रेस सत्ता में वापस आए, क्योंकि कई चीजें हो रही हैं जो देश में नहीं होनी चाहिए।कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और छह बार के विधायक जगदीश शेट्टार ने कहा कि मैं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने आज दिल्ली जाउंगा। मुझे उम्मीद है कि सकारात्मक चीजें होंगी। आने वाले दिनों में पार्टी आलाकमान और राज्य के नेता सब कुछ स्पष्ट करेंगे। जगदीश शेट्टार का नाम आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की पहली सूची में नहीं है।

टिप्पणियाँ

Popular Post