दाल में कीड़े निकलने पर अस्पताल में हंगामा, शिकायत पर 4 को नोटिस

 


आगरा: ताजनगरी के जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को दी जाने वाली दाल में कीड़े निकलने के आरोप लगाते हुए तीमारदार महिलाओं ने जमकर हंगामा काटा।इसकी शिकायत तीमारदार महिलाओं ने चिकित्सा अधीक्षक से की, जिस पर दाल फिंकवाई गई और चार को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार साईं की तकिया स्थित जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को खाना दिया गया। दाल रोटी और सब्जी की डाइट में दाल में कीड़े तैरते हुए दिखाई दिए । इस पर तीमारदार महिलाओं ने हंगामा कर दिया ।

तीमारदार महिलाओं का आरोप है कि दाल में कीड़े थे। तीमारदार महिलाऐं जली हुई रोटियां और दाल लेकर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक राजेंद्र कुमार अरोरा के पास पहुंचीं और हंगामा काटा। उन्होंने महिलाओं को इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। बाद में दाल को फिकवा दिया गया। जिला अस्पताल में एक निजी कंपनी मरीजों के लिए भोजन सप्लाई करती है। इस कंपनी के कर्मचारी जिला अस्पताल में ही भोजन बनाते हैं और फिर मरीज को देते हैं, लेकिन इस भोजन को देने से पहले जिला अस्पताल की डाइटिशियन एवं अन्य अधिकारी इस भोजन की जांच करते हैं।

निजी कंपनी के कर्मचारियों ने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को यह खाना दिया था, जिसके बाद दाल में कीड़े निकलने पर हंगामा हुआ। जिला अस्पताल के एनआरसी वार्ड में छोटे बच्चे भर्ती होते हैं। यहां तीमारदार महिलाओं ने बताया कि जली हुई रोटियां खाने में मिलती हैं तो सब्जी और दाल बेहद खराब होती है। यहां का खाना खराब है, इसलिए घर से ही मंगवाते हैं।

दाल में कीड़े देखकर अधिकारियों को बताना जरूरी समझा। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 राजेंद्र कुमार अरोड़ा ने बताया कि कुछ महिलाएं दाल में कीड़े निकलने की शिकायत लेकर आई थीं। उन्होंने डाइटीशियन, दो कुक और भोजन सप्लाई करने वाली कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उनका जवाब मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। दाल का स्टॉक हटवा दिया गया है।

टिप्पणियाँ

Popular Post