बारूद फैक्टरी में जोरदार धमाका, दस की मौत ,कई मलबे में दबे

 


छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आज शनिवार को दिल दहलाने वाला हादसा हुआ है। यहां बेरला के बारूद फैक्टरी में धमाका हुआ है। धमाके में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। प्रशासन की टीम रेक्स्यू कर रही है। दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बोरसी स्थित बारूद फैक्टरी में धमाका हुआ है,घटना आज सुबह की है। बारूद फैक्टरी में ब्लास्ट की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी।

इससे आस.पास के गांव के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए हैं। धमाके के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। उधर, घटना के तीन घंटे के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। घायलों में से सात लोगों को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं रायपुर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भी मरीजों को भर्ती कराया गया है। बेमेतरा कलेक्टर ने बताया कि मौके पर एसडीएम पहुंचे हैं कुल कितने लोग घायल हुए हैं अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। कई लोग मलबे में दबे हुए हैं, उन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि जहां पर ब्लास्ट हुआ है वहां पर 15 से 20 लोग काम करते हैं। कंपनी में बारूद का काम होता था। ब्लॉस्ट के बाद कर्मचारी बाहर की तरफ भागे। वहीं फैक्टरी का मलबा यानी सीमेंट के टुकड़े दूर तक गिरे हैं। कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बेरला एसडीएम पिंकी मनहर ने बताया कि प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। राहत और बचाव कार्य जारी है। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को एंबुलेंस से रायपुर भेजा गया है। इनमें एक की मौत हो गई है। छह का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू कार्य जारी है।

एसडीएम ने आधिकारिक तौर पर आठ लोगों के मौत की पुष्टि की है, रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही बता पाएंगे कुल कितने लोगों की मौत हुई है और कितने लोग घायल हुए हैं। बेमेतरा कलेक्टर रणबीर शर्मा ने बताया कि हादसा का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। मौके पर एसडीआरएफ की टीम आ रही है। मलबे को हटाया जाएगा। फैक्टरी के मैनेजमेंट से चर्चा जारी है। फैक्टरी में काम करने वाले सभी मजदूरों की जानकारी मांगी गई है।

उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बेमेतरा जिले में बारूद फैक्टरी में हुए ब्लास्ट को लेकर सवाल उठाया है। पूर्व सीएम बघेल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि बेमेतरा में बारूद फैक्टरी में हुए ब्लास्ट से 10-12 श्रमिकों के असामयिक निधन का दुःखद समाचार मिला। ईश्वर से मृतात्माओं को सद्गति देने एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

उन्होंने आगे लिखा कि सूचना है कि तीन घंटे तक बचाव दल नहीं पहुंचा। शासन, प्रशासन बचाव कार्य सुनिश्चित करें और पीड़ितों को उचित मुआवज़ा दें। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बेमेतरा में एक बारूद फैक्टरी में विस्फोट होने की जानकारी मिली है मैं प्रशासन के लोगों से लगातार संपर्क में हूं। प्रशासन की पूरी टीम घटनास्थल पर मौजूद है। दमकल की गाड़ियों को भी बुलाया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। 

टिप्पणियाँ

Popular Post