बुरी नियत से कमरे में घुसकर ससुर ने बहू को दबोचा, विरोध पर मारी गोली

 


बिजनौर: बेटे की गैरमौजूदगी में ससुर ने पुत्रवधू के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने तमंचे से गोली मार दी और फरार हो गया। गोली लगने से घायल हुई महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। नहटौर के एक गांव का निवासी युवक सोमवार को अपने बच्चों को लेकर किसी रिश्तेदारी में चला गया, जबकि उसकी पत्नी घर पर अकेली थी।

आरोप है कि रात करीब एक बजे उसका ससुर कमरे में आया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने पुत्रवधू को तमंचे से गोली मार दी। गोली पुत्रवधू के कंधे में लगी, जिससे वह घायल हो गई। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी फरार हो गया। ग्रामीणों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

सूचना पर पहुंचे महिला के पति ने उसे बिजनौर के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, घटना की सूचना पर एएसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सर्वम सिंह, कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी रात में ही गांव पहुंचे और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि महिला के परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज ली गई है।

टिप्पणियाँ

Popular Post