प्रियंका गांधी आज वायनाड से दायर करेंगी नामांकन,करेंगी रोड शो

 


कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वायनाड लोकसभा सीट उपचुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल करेंगी। इस नामांकन के साथ ही एक्टिव राजनीति में उनका चुनावी पदार्पण हो जाएगा। प्रियंका गांधी अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, अपने भाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और कई अन्य नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। नामांकन दाखिल करने से पहले मंगलवार को ही प्रियंका गांधी वायनाड पहुंच चुकी है। वो सुल्तान बाथेरी में रुकी थी। इस दौरान प्रियंका गांधी अपने निर्वाचन क्षेत्र में आम जनता से भी मिली।

यहां उन्होंने एक स्थानीय परिवार से मुलाकात की। उन्होंने एक पूर्व सैनिक के घर का दौरा भी किया। गौरतलब है कि वायनाड लोकसभा सीट पर इससे पहले राहुल गांधी विजयी हुए थे। मगर इस सीट को राहुल गांधी ने रायबरेली से चुनाव जीतने के बाद खाली कर दिया था। नामांकन से पहले प्रियंका गांधी और राहुल गांधी सुबह 11 बजे कलपेट्टा बस स्टैंड से रोड शो करेंगे। ये रोड शो दो किलोमीटर लंबा होने वाला है। इसके बाद वो कलपेट्टा स्थित जिला कलेक्टर कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।

कांग्रेस के अनुसार, प्रियंका गांधी सुबह 11ः45 बजे गुडलाई, केडब्ल्यूए कार्यालय के सामने, कलपेट्टा में एक जनसभा को संबोधित करेंगी।प्रियंका गांधी वायनाड में होने वाले चुनावों में अकेले ही मैदान में नहीं है। उन्हें वायनाड सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार नव्या हरिदास और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के उम्मीदवार सत्यन मोकेरी से सामना करना है। हरिदास दो बार कोझिकोड निगम पार्षद रह चुके हैं।

राहुल गांधी ने कहा था कि रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों पर उन्हें दो-दो सांसद मिलेंगे और उन्होंने वायनाड से प्रियंका गांधी के जीतने का भी भरोसा जताया था। अगर प्रियंका गांधी वायनाड से जीत जाती हैं तो वह गांधी परिवार से संसद पहुंचने वाली तीसरी व्यक्ति होंगी। सक्रिय राजनीति में आने से पहले प्रियंका गांधी अमेठी और रायबरेली में गांधी परिवार के गढ़ की देखभाल के लिए जिम्मेदार थीं, जहां वह अपनी पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिकार के रूप में उभरीं। बता दें कि वायनाड में उपचुनाव 13 नवंबर को होना है।

टिप्पणियाँ