देहरादून से अमृतसर वोल्वो बस सेवा शुरू, सिख समुदाय को बड़ी सौगात

 


देहरादून। सिख समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड परिवहन निगम ने देहरादून से अमृतसर के बीच वोल्वो बस सेवा शुरू कर दी है। सोमवार को दून आइएसबीटी पर परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) पवन मेहरा ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पहले दिन इस बस सेवा से 19 यात्रियों ने यात्रा की। इनमें से पांच अमृतसर, जबकि शेष यात्री लुधियाना और जालंधर के लिए रवाना हुए। यह सेवा सहारनपुर, अंबाला, लुधियाना और जालंधर होते हुए अमृतसर पहुंचेगी। अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर और वाघा बॉर्डर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा एक बड़ी राहत साबित होगी।

किराया और समय

  • देहरादून से अमृतसर तक वोल्वो बस का किराया ₹1224 प्रति यात्री तय किया गया है।

  • जालंधर तक का किराया ₹1009 प्रति यात्री रखा गया है।

  • यह बस सेवा सिर्फ 10.5 घंटे में देहरादून से अमृतसर पहुंचा देगी, जबकि लाहौरी एक्सप्रेस ट्रेन से यही सफर करीब 12 घंटे का होता है।

बस सेवा का शेड्यूल

देहरादून से अमृतसर:

  • प्रस्थान: सुबह 10 बजे (आईएसबीटी देहरादून)

  • सहारनपुर: सुबह 11:30 बजे

  • अंबाला: दोपहर 2 बजे

  • लुधियाना: शाम 5 बजे

  • जालंधर: शाम 6:30 बजे

  • आगमन: रात 8:30 बजे (अमृतसर)

अमृतसर से देहरादून:

  • प्रस्थान: सुबह 5 बजे

  • जालंधर: सुबह 7 बजे

  • लुधियाना: सुबह 8:30 बजे

  • अंबाला: सुबह 11:30 बजे

  • सहारनपुर: दोपहर 2 बजे

  • आगमन: दोपहर 3:30 बजे (देहरादून)

उत्तराखंड परिवहन निगम के ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक राजीव गुप्ता ने बताया कि यह वोल्वो सेवा प्रतिदिन चलेगी और यात्रियों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। इस अवसर पर निगम की डीजीएम पूजा कहेरा भी उपस्थित रहीं।

यह नई बस सेवा न सिर्फ सिख समुदाय के लिए, बल्कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी एक सुखद और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।

टिप्पणियाँ